मछली पकड़ने गया था शख्स नहीं लौटा वापस, अगले दिन मिली लाश
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां नदी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान खिकराम खलखो कदमहाखार निवासी के रूप में हुई है। मृतक मछली पकड़ने गया था इस दौरान यह हादसा हो गया।
जानकारी के मुताबिक़ खिकराम बीती शाम मछली पकड़ने के लिए नदी गया हुआ था लेकिन घर वापस नहीं लौटा। जिसके बाद परिजनों ने खोजबीन की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। आज रविवार की सुबह भिलाईखुर्द स्थित हसदेव नदी रेलवे साईडिंग के पास उसका शव तैरते हुए मिला। आसपास के लोगों ने जैसे ही शव देखा वे तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दिए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची उरगा पुलिस द्वारा जांच पड़ताल शुरु कर दी गई है।
