सांप को रस्सी से बांधकर मुक्तिधाम पहुंचे ग्रामीण फिर मृत युवक के साथ जिंदा जलाया

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां सर्पदंश से युवक (22वर्ष) के मौत के बाद ग्रामीणों ने काटने वाले सांप को भी युवक की चिता के साथ जिंदा जला दिया। युवक की मौत के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक़ यह पूरा मामला बैगामार गांव की हैं।मनसा राम राठिया के परिवार में पत्नी और दो बेटे थे। शनिवार की रात खाना खा कर सभी अपने अपने कमरे में सोने चले गए। बड़ा बेटा डिगेश्वर राठिया (22 वर्ष) भी अपने कमरे में सोने चला गया। युवक खाट में मच्छरदानी लगा कर सो रहा था। रात के वक्त मच्छरदानी के अंदर जहरीला करैत सांप घुस गया और उसके पैर पर काट लिया। युवक ने बिस्तर से उठकर देखा तो मच्छरदानी में सांप लिपटा हुआ था। उसने उठकर इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन युवक को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। रविवार की सुबह इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि सर्पदंश के बाद ग्रामीणों ने सांप को पकड़ लिया और एक टोकरी में बंद करके रखा था। सभी जिला मेडिकल कॉलेज से पोस्टमॉर्टम करा कर घर पहुंचे। इसके बाद युवक का विधि विधान के साथ अंतिम संस्कार करने मुक्तिधाम पहुंचे। ग्रामीण सांप को भी रस्सी से बांधकर डंडे के सहारे मुक्तिधाम लेकर गए। सांप को भी युवक की चिता के साथ जिंदा जला दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें डर था कि जहरीला सांप किसी और को अपना शिकार ना बना ले। इसलिए उसे भी चिता के साथ जला दिया गया।



 

Share This Article