कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: त्योहारी सीजन की वजह से खाद्य सामग्री में मिलावट की आशंका बढ़ गई है। आशंका को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कार्यवाही तेज कर दी गई है। खाद्य विभाग की टीम लगातार छोटे-बड़े प्रतिष्ठानों से सैंपल ले रही है।
शहर के बड़े होटल व दुकानों में भी सुरक्षित खाद्य सामग्री मिलने की गारंटी नहीं है। कुछ दिन पहले खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अलग-अलग दुकानों में छापा मार कर कई खाद्य सामग्रियों के सैंपल लिए थे। जो की जांच के दौरान फेल हो गए।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जियो मार्ट से लिए गए बेसन सहित कई सामानों के सैंपल फेल हो गए हैं। इससे विभाग के अधिकारी भी हैरान हैं। अब विभाग इन दुकान संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि अक्सर नवरात्रि, दीपावली और अन्य त्योहारों पर नकली खाद्य सामान बनाने वाले लोग सक्रिय हो जाते हैं। इसको लेकर विभाग हर साल त्योहारी सीजन में चेकिंग अभियान चलाता है।