नेशनल हाईवे में बड़ा हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, हुई दर्दनाक मौत
रायगढ़/सीजी एनएन 24 न्यूज: नेशनल हाईवे-49 में एक दर्दनाक हादसा हो गया जिसमें बुजुर्ग की मौत हो गई। यहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया हादसे में उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान शेषनाग गबेल उम्र (50 वर्ष) ग्राम बोतल्दा निवासी के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि गुरुवार की दोपहर बाइक पर सवार होकर किसी काम से खरसिया गया था। इसके बाद शाम करीब साढ़े 5 बजे वह बाइक से अपने घर जा रहा था, तभी बोतल्दा के हनुमान चौक के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे के बाद राहगीरों व आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज गया।
वहीं हादसे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। उनका कहना है कि गाड़ियां तेज रफ्तार में चलती हैं, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। मामले में खरसिया थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि घटना के बाद तत्काल ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। ट्रक बिलासपुर की ओर जा रहा था। मामले में पुलिस आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
