बाइक सवार से 50 हजार रुपए की लूटपाट, मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जांजगीर जिले में बाइक सवार से 50 हजार रुपए की लूटपाट करने के मामले में सारागांव पुलिस और साइबर सेल ने एक आरोपी दीपक कश्यप को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट की रकम तीन हजार रुपए और घटना में प्रयुक्त एक बाइक जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है।
प्रार्थी केशव करियारे सारागांव निवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 15 दिसंबर की रात 7:45 बजे बाइक से अपने घर सारागांव जा रहा था। रास्ते में कमरीद मेन रोड पिलारी नहर के पास रात 8.30 बजे तीन लोगों ने रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी दी। फिर मारपीट कर बैग में रखे 50 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। उक्त रिपोर्ट पर थाना सारागांव में बीएनएस की धारा 126 (2), 206, 351(3), 309(6), 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी दीपक कुमार उर्फ पिंटू कश्यप (24 वर्ष) निवासी गौद को हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया, उसने बताया कि अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। उसने बताया कि 50 हजार में से उसे 15 हजार हिस्से का मिला है। जिसमें से 12 हजार खर्च कर दिया, जबकि 3 हजार बचा है। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल बाइक भी जब्त किया गया। वहीं पुलिस द्वारा मामले फरार 2 आरोपियों की तलाश जारी है।
