ट्रक में ठूंस-ठूंसकर भरे थे 32 मवेशी, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, फरार आरोपियों की तलाश जारी
दुर्ग/सीजी एनएन 24 न्यूज: दुर्ग जिले में गौ तस्करी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने मवेशियों से भरी एक ट्रक को पकड़ा है। ट्रक में 32 मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था और उन्हें मुंगेली से नागपुर के कत्लखाने ले जाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
नंदनी थाना पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने कुल 32 मवेशियों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया है। जानकारी के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नंदनी थाना पुलिस ने माटरा और खजरी गांव के बीच सड़क पर घेराबंदी कर मवेशी से भरे ट्रक को पकड़ा। लेकिन पुलिस को देख ड्राइवर और सह-चालक मौके से फरार हो गए। वहीं पुलिस ने मवेशी को थाने लाकर चारा-पानी दिया और पशु चिकित्सकों से उनका इलाज कराया जा रहा है। नंदनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है।