कोरबा: वाटरफॉल में डूबने से युवक की मौत, दोस्तों के सामने तेज बहाव में समाया 

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। रविवार को दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया एक युवक केसला घाट वाटरफॉल में डूब गया। नहाने के दौरान तेज बहाव में वह अचानक संतुलन खो बैठा और पानी में समा गया।

यह पूरा मामला बालको थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान जफर खान (33 वर्ष) रामपुर निवासी के रूप में हुई है। जफर खान अपने दो दोस्तों के साथ वाटरफॉल गया था। नहाते समय जफर पानी के तेज बहाव में बह गया। उसके दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह गहरे पानी में समा गया और आंखों के सामने ही गायब हो गया। घबराए दोस्तों ने तुरंत बालको पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। देर रात युवक की खोज बिन जारी रही लेकिन युवक का कुछ पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह फिर रेस्क्यू शुरू किया गया। घंटों प्रयासों के बाद जफर का शव पानी से बाहर निकाला गया।

घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में प्राकृतिक जल स्रोतों से दूर रहने की अपील की है, क्योंकि इस समय तेज बहाव और गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है।

Share This Article