मोबाइल चोरी कर पासवर्ड क्रैक, फिर खातों से उड़ाते थे पैसे, झारखंड-बंगाल से दबोचे गए 6 शातिर चोर 

By Atul Yadav - Editor
4 Min Read

रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  रायपुर के गुढियारी थाना पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी के एक गंभीर मामले की गुत्थी सुलझाते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में झारखंड और बंगाल से संबंध रखने वाले 6 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी बेहद चालाकी से पहले मोबाइल फोन चोरी करते थे और फिर तकनीकी तरीकों से उसमें मौजूद पासवर्ड को क्रैक कर डिजिटल पेमेंट ऐप्स जैसे UPI के माध्यम से खातों से पैसे ट्रांसफर कर लेते थे।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह खासतौर पर सार्वजनिक स्थानों, बाजारों में मोबाइल चोरी को अंजाम देते थे और तीन स्तर पर ठगी की योजना बनाते थे। चोरी के तुरंत बाद मोबाइल को स्विच ऑफ कर दिया जाता और फिर सिम निकालकर मोबाइल को किसी सॉफ्टवेयर की मदद से हैक किया जाता था। इसके बाद मोबाइल में मौजूद बैंक ऐप्स, UPI, गूगल पे, फोन पे जैसे ऐप्स से जुड़ी जानकारियों को एक्सेस कर पैसों की हेराफेरी की जाती थी। इनके कब्जे से 10 मोबाइल, 10 एटीएम कार्ड और 1 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

प्रार्थी मुन्नालाल पटेल का मोबाइल 22 जून को सब्जी बाजार से चोरी हुआ था। मोबाइल से फोन-पे के जरिये 99 हजार की रकम ट्रांसफर कर ली गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीनियर अफसरों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गुढ़ियारी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और ट्रांजेक्शन ट्रेस कर कोलकाता के मुकेश कुमार के खाते तक पहुंची। वहां से आरोपी शेख सुलेमान उर्फ राजन और अंकित शर्मा को पकड़ा गया। पूछताछ में जानकारी मिली कि झारखंड-साहेबगंज और पश्चिम बंगाल से जुड़े गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया है। टीम ने पश्चिम बंगाल व झारखंड में एक सप्ताह तक कैंप कर यासीन कुरैशी, विकास महतो, पिंटू मोहले और सागर मंडल को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार झारखंड का एक समूह मोबाइल चोरी करता था। उसके बाद चोरी का मोबाइल दूसरा ग्रुप क्रैक करता था। पासवर्ड रिसेट के ऑप्शन या फिर कई लोगों के फोन के कांटेक्ट लिस्ट में पासवर्ड के नाम से सेव मिल जाता था। इसके बाद पैसे को बंगाल भेजता था। वहां के आरोपी म्यूल अकाउंट में रकम ट्रांसफर करवाते थे। इसके बाद तीसरा ग्रुप बंगाल से पैसे निकालकर झारखंड भेजता था।

गिरोह के सदस्यों के मोबाइल में करोड़ों के ट्रांजेक्शन का रिकार्ड मिला है। आरोपियों की गतिविधियां बिहार, झारखंड, दिल्ली, उप्र, मप्र, महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु और अन्य राज्यों में नोटिस की गई हैं। संभावना है कि आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

झारखंड और बंगाल से गिरफ्तार आरोपी:-
1.विकास महतो, निवासी महाराजपुर नया टोला थाना कल्याणी जिला साहेबगंज झारखंड।
2.यासीन कुरैशी, निवासी कुलीपाड़ा थाना व जिला साहेबगंज झारखंड।
3.शेख सुलेमान उर्फ राजन, निवासी जे-127 शेरखान मैदान के पास थाना गार्डनरिच जिला 24 परगना जिला कोलकत्ता पश्चिम बंगाल।
4.अंकित शर्मा, निवासी एफ 62 गार्डनरिच मारिया थाना गार्डन रिच जिला 24 परगना पश्चिम पश्चिम बंगाल।
5.सोनू कुमार, मंडल निवासी मिर्जा चौकी महादेववरन थाना मिर्जा चौकी जिला साहेबगंज झारखंड।
6.पिंटू कुमार- मोहले निवासी मिर्जा चौकी महादेव वरन थाना मिर्जा चौकी जिला साहेबगंज झारखंड।

Share This Article