कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा वन मंडल के कुदमुरा रेंज में एक नर हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। हाथी का शव कुदमुरा और बैगामार के जंगलों के बीच पाया गया। सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हाथी की मौत करंट लगने से हुई है।
जानकारी के मुताबिक, शिकारी अब भी जंगल में जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए अवैध रूप से करंट का उपयोग कर रहे हैं। इस घटना ने न केवल वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी उजागर कर दिया है कि वन विभाग के पास ऐसे मामलों को रोकने के लिए कोई ठोस कार्ययोजना मौजूद नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव का निरीक्षण किया। वन अमले ने आसपास के इलाके में सर्च अभियान चलाया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि करंट किस स्रोत से लगाया गया और इसके पीछे कौन लोग जिम्मेदार हैं।
वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हाथी की मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में गहरी चिंता और नाराजगी का माहौल है।
