कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां 45 वर्षीय पेंटर राकेश चौहान ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात राकेश ने रोज़ की तरह अपने परिजनों के साथ खाना खाया और फिर अपने कमरे में सोने चला गया। लेकिन शुक्रवार सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला, तो परिजन उसे देखने गए। कमरे का दरवाजा खोलते ही उन्हें राकेश का शव साड़ी से फांसी के फंदे पर झूलता मिला। यह दृश्य देख परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मानिकपुर चौकी पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राकेश पिछले कुछ वर्षों से राकेश की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण वह इलाज नहीं करा पा रहा था। इसी तनाव में आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार राकेश की पत्नी ने 12 साल पहले उसे छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी। राकेश अपनी बेटी को अकेले पाल रहा था, जो वर्तमान में कक्षा नौवीं में पढ़ती है। राकेश शहर का जाना-माना पेंटर था और बचपन से ही पेंटिंग का काम करता आ रहा था। शादी के बाद भी वह अपने इसी व्यवसाय से जुड़ा रहा। हालांकि, उसकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी और गरीबी के कारण वह अपना इलाज भी नहीं करा पा रहा था। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
