11.79 लाख की लूट निकली फर्जी: शिकायतकर्ता ने खुद रची थी साजिश, पुलिस ने घंटों में किया खुलासा
जांजगीर-चांपा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में 11 लाख 79 हजार 800 रुपये की कथित लूट की गुत्थी पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में सुलझा ली। प्रारंभ में जिसे एक सनसनीखेज लूटकांड माना जा रहा था, वह झूठा निकला। इस मामले का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि खुद शिकायत दर्ज कराने वाला युवक ही निकला।
1 अगस्त को दीपेश देवांगन (25 वर्ष), निवासी चोरिया थाना सारागांव, ने बम्हनीडीह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने व्यावसायिक परिचित किरीत सिन्हा से 11.79 लाख रुपये लेकर यूनियन बैंक चांपा में जमा करने जा रहा था। तभी पूछेली गांव के पास बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोककर मारपीट की और रकम के साथ लैपटॉप लूट लिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जिलेभर में नाकेबंदी कर दी और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की गई। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले। साथ ही, दीपेश के बयान बार-बार बदल रहे थे, जिससे पुलिस को संदेह हुआ।
पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर आखिरकार दीपेश ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उस पर करीब 8 लाख रुपये का कर्ज था। कर्ज चुकाने की नीयत से ही उसने यह फर्जी लूट की योजना बनाई थी।
पुलिस ने आरोपी के चोरिया स्थित घर में दबिश देकर संपूर्ण नकद राशि 11,79,800 रुपए और लूट में प्रयुक्त बताया गया लैपटॉप जब्त किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दीपेश वर्ष 2018 से ही विभिन्न व्यवसायों जैसे मेडिकल, कपड़ा, कृषि केंद्र, सीमेंट और छड़ की दुकानों से संबंधित लेन-देन तथा हवाला जैसे गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
फिलहाल बम्हनीडीह थाना में किरीत सिन्हा की शिकायत पर आरोपी दीपेश देवांगन के खिलाफ धारा 217, 316 (2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
