कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नकटीखार गांव स्थित पिकनिक स्पॉट के पास मंगलवार की देर शाम कुछ लोगों ने एक अज्ञात युवक का शव देखा। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई।
वहीं जांच पड़ताल के दौरान मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। वहीं घटनास्थल पर न तो कोई बाइक मिली और न ही अन्य कोई दस्तावेज जिससे युवक की पहचान हो सके। पुलिस को आशंका है कि युवक आसपास का रहने वाला भी हो सकता है या फिर किसी अन्य जगह से यहां लाया गया हो। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। प्राथमिक जांच पूरी कर शव को जिला मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
वहीं मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में कोटवारों के जरिए मुनादी कराई जा रही है। साथ ही वॉट्सऐप ग्रुप के माध्यम से भी सूचना भेजी गई है ताकि परिजनों तक जानकारी पहुंच सके। फिलहाल, युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस इस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। मृतक की शिनाख्त होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
