NHM कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, कर्मचारियों ने ‘खून से लिखा सीएम व स्वास्थ्य मंत्री को पत्र’

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लगातार तीसरे दिन भी हड़ताल पर डटे हुए हैं। जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन कर रहे इन कर्मचारियों ने शनिवार को एक अनोखा कदम उठाते हुए अपने खून से पत्र लिखकर मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को संबोधित किया। इस पत्र में उन्होंने वेतन, नियमितीकरण और संविदा कर्मचारियों को स्थायी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं देने जैसी लंबित मांगों को विस्तार से रखा है।

सरकार पर अनदेखी का आरोप
एनएचएम यूनियन संघ के कोषाध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों ने कोरोना काल में जान जोखिम में डालकर सेवाएं दीं, लेकिन सरकार ने अब तक उनकी जायज मांगों को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा- “आज भी हमें कम वेतन और असुरक्षित भविष्य के साथ काम करना पड़ रहा है। सरकार हमारी अनदेखी कर रही है, इसलिए हमें मजबूरन आंदोलन करना पड़ रहा है। “यूनियन संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. हर्षा ताम्रकार ने बताया कि कर्मचारियों का यह कदम सरकार को यह संदेश देने के लिए है कि वे अपने अधिकारों के लिए आखिरी दम तक संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
इस हड़ताल का असर सीधे तौर पर कोरबा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ा है। ग्रामीण इलाकों के उप-स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर शहरी स्वास्थ्य केंद्रों तक कई सेवाएं ठप हो गई हैं। मरीजों को इलाज और आवश्यक सुविधाओं के लिए भटकना पड़ रहा है।

आंदोलन का संकल्प
कर्मचारी संघ का कहना है कि यह लड़ाई अब केवल वेतन या नियमितीकरण तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनके अस्तित्व और भविष्य की सुरक्षा से जुड़ी है। खून से लिखे गए पत्र के जरिए उन्होंने सरकार को चेताया है कि यदि जल्द ही समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

Share This Article