कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान बुधवार को बड़ा बवाल हो गया। उरगा थाना क्षेत्र के आमापाली गांव में दबिश देने गई आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान टीम पर पथराव किया गया और महिला अधिकारी के साथ धक्का-मुक्की की गई।
22 लीटर अवैध शराब जब्त
जानकारी के मुताबिक आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि आमापाली गांव में अवैध महुआ शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है। इस पर विभाग की टीम छह गाड़ियों में गांव पहुंची और शंकर खड़िया के घर दबिश दी। जांच के दौरान टीम ने वहां से करीब 22 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की। शंकर को जब विभाग की गाड़ी में बैठाकर ले जाया जा रहा था, तभी ग्रामीण आक्रोशित हो गए और विरोध करते हुए पथराव करने लगे।
महिला अधिकारी के साथ बदसलूकी
हमले के दौरान टीम की नगरसेन रंजीत बघेल के साथ गांव की कुछ महिलाओं ने धक्का-मुक्की भी की। हालात बिगड़ते देख विभागीय अधिकारियों को कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ी और आरोपी शंकर खड़िया को वहीं छोड़कर वापस लौटना पड़ा।
दोनों पक्षों ने लगाए आरोप
घटना के बाद आबकारी विभाग ने उरगा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, ग्रामीणों का भी आरोप है कि कार्रवाई के दौरान विभागीय कर्मचारियों ने उनके साथ हाथापाई की।
पुलिस कर रही जांच
मामले में थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि आबकारी विभाग की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। आबकारी अधिकारी आशा सिंह ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस से शिकायत की गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी उठा था मुद्दा
बता दें कि इससे पहले सोमवार को करतला थाना क्षेत्र के सेंद्रीपाली गांव के सैकड़ों ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। उन्होंने गांवों में महुआ शराब की बिक्री और अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मांग की थी।
