कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के स्वागत पोस्टरों को लेकर रविवार को कोरबा शहर में बड़ा विवाद खड़ा हो गया। मामला उस समय तूल पकड़ गया जब सीएसईबी चौक पर लगे एक बड़े पोस्टर को एक युवक ने डंडे से फाड़ डाला। राहगीरों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह दृश्य देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता तुरंत वहां पहुंचे और युवक को पकड़ लिया। जब उससे पोस्टर फाड़ने का कारण पूछा गया तो उसने संतोषजनक जवाब देने के बजाय बदसुलूकी करना शुरू कर दिया। इस पर आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने उसकी पिटाई कर दी।
पिटाई से बचने के लिए युवक भागकर पास स्थित एक धार्मिक परिसर में घुस गया। भाजपा कार्यकर्ता वहां भी पीछे-पीछे पहुंच गए। लेकिन धार्मिक परिसर में मौजूद लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की और इस दौरान झड़प बढ़ गई। देखते ही देखते स्थिति उलझ गई और धार्मिक परिसर में मौजूद लोगों ने भी भाजपा कार्यकर्ताओं की पिटाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा के कई पार्षद और स्थानीय नेता भी सीएसईबी चौक पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच माहौल गर्म हो गया और तनाव तेजी से बढ़ने लगा। इसी बीच नगर पुलिस अधीक्षक सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने समझाइश और सख्ती दोनों का इस्तेमाल कर स्थिति को किसी तरह नियंत्रण में लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि पोस्टर फाड़ने वाले युवक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है। उसके खिलाफ अज्ञात के रूप में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद शहर में देर शाम तक तनाव का माहौल बना रहा। हालांकि पुलिस ने हालात पर नियंत्रण कर लिया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
