कोरबा: चलती बाइक पर झगड़ा, फिर सरेराह पति ने पत्नी को पीटा, देखें वायरल वीडियो….

2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   जिले में मंगलवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जब नगर निगम और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के सामने पति-पत्नी के बीच जमकर विवाद हुआ। इस दौरान पति ने बीच सड़क पर पत्नी की पिटाई कर दी। राहगीरों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार पति-पत्नी मूल रूप से मध्य प्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले हैं। दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद पति को बालको पावर प्लांट में नौकरी मिली, जिसके चलते दंपती कोरबा के बालको क्षेत्र में रहने लगे। बताया जा रहा है कि दोनों एक-दूसरे पर शक करते हैं, इसी वजह से आए दिन झगड़े की नौबत बन जाती है।

बाइक पर शुरू हुआ झगड़ा

घटना के दिन दोनों पति-पत्नी बाइक से बालको से कोरबा की ओर आ रहे थे। रास्ते में चलते-चलते किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद बढ़ गया। पति ने बाइक को रोककर सड़क किनारे पत्नी से हाथापाई शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पति ने पत्नी को लात-घूंसों से मारा। यह नजारा देखकर राहगीरों की भीड़ वहां जमा हो गई।

मौके से फरार हुआ पति

लोगों की भीड़ देख पति अपनी बाइक वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। पत्नी वहीं सड़क किनारे बैठी रही। पत्नी ने बताया कि पति का अन्य महिलाओं से संबंध है और वह कई बार उसके साथ धोखा कर चुका है। वहीं, पति भी पत्नी पर अवैध संबंधों का शक करता है।

पत्नी का कहना है कि पति ने उसे पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी थी, लेकिन घटना के बाद वह सिविल लाइन थाने नहीं पहुंचा। हालांकि अब तक यह मामला औपचारिक रूप से पुलिस थाने तक नहीं पहुंचा है।

Share This Article