जिले में गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा: जुलूस में बेकाबू बोलेरो ने कई लोगों को रौंदा, 3 की मौत

3 Min Read

जशपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले में मंगलवार देर रात गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार बोलेरो कार श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गई, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है। विसर्जन जुलूस का उत्सव मातम में बदल गया।

जानकारी के मुताबिक रात करीब 10 बजे जशपुर के चराईडांड बगीचा स्टेट हाइवे के पास गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए सैकड़ों लोग जुलूस निकाल रहे थे। इसी दौरान एक बोलेरो कार अचानक अनियंत्रित हो गई और भीड़ में घुस गई। वाहन ने कई श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और चारों ओर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में 22 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इनमें से 18 लोगों को गंभीर हालत में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में बोलेरो का चालक भी शामिल है, जो गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका पुलिस की निगरानी में इलाज किया जा रहा है। मृतकों की पहचान अरविंद करकेट्टा (19 वर्ष), विपिन (17 वर्ष), खिरोवती (32 वर्ष, महिला) के रूप में हुई है। इन तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बोलेरो कार को कब्जे में ले लिया गया है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है। पुलिस का कहना है कि हादसे की पूरी जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

जशपुर के एसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि मंगलवार देर रात गणेश विसर्जन जुलूस में एक तेज रफ्तार कार श्रद्धालुओं को रौंदते हुए निकल गई। इस घटना में 3 लोगों की मौत हो गई और 22 लोग घायल हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।




Share This Article