कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: प्रदेश में एनएचएम कर्मचारियों की चल रही हड़ताल को लेकर अब सामाजिक संगठन जन चिंतक मंच भी समर्थन में आ खड़ा हुआ है। सोमवार को संगठन के पदाधिकारी कोरबा घंटाघर स्थित आंदोलन स्थल पहुंचे और धरने पर बैठे कर्मचारियों का सम्मान करते हुए उनके आंदोलन को उचित ठहराया।

ज्ञापन भेजकर रखी मांगें
आंदोलन स्थल से ही जन चिंतक मंच ने माननीय प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को ईमेल के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया। इसमें संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि लगभग 16,000 एनएचएम कर्मचारी सामूहिक इस्तीफा देते हैं या काम पर नहीं लौटते, तो प्रदेश की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है।
मंच के प्रमुख नेता रहे मौजूद
धरना स्थल पर मंच के संगठन महाप्रमुख अरुण कुमार सरकार, संगठन प्रमुख एडवोकेट शिव साहू, प्रदेश सचिव युगल पुजारी, उपाध्यक्ष नेहरू लाल, कोषाध्यक्ष यशवंत कुमार, संयुक्त सचिव विनोद कुमार केवट एवं प्रबंध कार्य समिति के सदस्य सुबरन सिंह उपस्थित रहे। इन सभी ने कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया और उनकी न्यायसंगत मांगों को जायज बताया।
सरकार से लिखित आश्वासन की मांग
जन चिंतक मंच के संगठन प्रमुख एडवोकेट शिव साहू ने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द एनएचएम कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी जायज मांगों पर ठोस एवं लिखित आश्वासन देना चाहिए। ऐसा करने से कर्मचारियों का विश्वास भी बना रहेगा और स्वास्थ्य व्यवस्था भी पटरी पर लौट सकेगी।
मंच का ऐलान – अंतिम दम तक देंगे समर्थन
जन चिंतक मंच ने साफ किया कि वह अंतिम दम तक एनएचएम कर्मचारियों के साथ खड़ा रहेगा और उनके हक की लड़ाई में हर स्तर पर सहयोग करेगा।
