कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को कोरबा जिले के दौरे पर पहुंचे। वे यहां कलेक्टोरेट सभागार में आयोजित मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में आदिवासी क्षेत्रों के विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ नई योजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी कोरबा पहुंचे। सभी नेताओं और अधिकारियों के आगमन से बैठक का महत्व और बढ़ गया है।

जानकारी के अनुसार, बैठक में आदिवासी अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और आजीविका संवर्धन जैसे मुद्दों पर विशेष फोकस रहेगा। साथ ही, जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से क्षेत्र की विकास संबंधी योजनाओं पर सुझाव भी लिए जाएंगे।
प्रशासन ने बैठक के सुचारू आयोजन के लिए व्यापक तैयारी की है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा कोरबा और आसपास के आदिवासी इलाकों के लिए नई सौगातें लेकर आ सकता है।
