जांजगीर-चांपा: जिले के नैला चौकी क्षेत्र में तेल व्यापारी से 10 लाख 44 हजार रुपए की लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। व्यापारी को चाकू दिखाकर नकाबपोश बदमाशों ने बैग लूट लिया था। जांच में खुलासा हुआ कि इस वारदात का मास्टरमाइंड व्यापारी की दुकान में काम करने वाला नाबालिग नौकर ही था। उसने इंस्टाग्राम पर “थम” का सिग्नल देकर साथियों को लूट के लिए संकेत दिया था।
जानकारी के अनुसार, व्यापारी अरुण कुमार अग्रवाल 6 सितंबर की रात करीब 9:15 बजे अपनी दुकान से स्कूटी पर रकम लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुबेर पारा के पास दो युवकों ने चाकू की नोक पर उनसे पैसों से भरा बैग छीन लिया और भाग निकले। व्यापारी ने तुरंत नैला चौकी पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर जांच शुरू की। संदेह गहराने पर दुकान में काम करने वाले नाबालिग को हिरासत में लिया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर नाबालिग ने कबूल किया कि वही इस वारदात का मास्टरमाइंड है। उसने करीब 17 दिन पहले लूट की साजिश रची थी और इंस्टाग्राम के जरिए अपने साथी नितेश पंडित (21) को व्यापारी के अकेले निकलने की सूचना दी थी।
इसके बाद नितेश और उसका साथी मुकेश सूर्यवंशी (19) ने व्यापारी से रकम लूट ली। वारदात के बाद मास्टरमाइंड नाबालिग, दोनों लुटेरों और एक अन्य साथी चंदन सूर्यवंशी ने मिलकर रकम को अमोरा इलाके में गड्ढा खोदकर जमीन में गाड़ दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पूरी रकम बरामद कर ली।
जांच में यह भी सामने आया कि तीनों आरोपी इससे पहले 18 जुलाई को ग्राम बोड़सरा की शराब दुकान का ताला तोड़कर और दीवार उखाड़कर 2.40 लाख की डकैती भी कर चुके हैं। इस मामले में उनके पास से 66 हजार रुपए नकद भी बरामद हुए हैं।
एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ लूट समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। कोर्ट के आदेश पर मास्टरमाइंड नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है, जबकि नितेश और मुकेश को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। वहीं चंदन सूर्यवंशी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
