कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा। जिले के ग्राम चोरभट्टी में चार महीने पहले हुए एक विवाद ने अब एक किसान की जान ले ली। मृतक किसान का नाम अर्जुन सिंह राठिया (38 वर्ष) है। परिजनों के अनुसार अर्जुन अपने परिवार के साथ गांव में ही खेती किसानी कर जीवन यापन कर रहा था। उसके तीन छोटे बच्चे और पत्नी टेनकुंवर है।
जानें कैसे हुआ था विवाद
घटना की शुरुआत उस समय हुई जब अर्जुन सिंह का गांव के ही विक्रम सिंह राठिया से विवाद हो गया। जानकारी के मुताबिक, एक रात करीब 11 बजे विक्रम, अर्जुन के छोटे भाई भागवत सिंह के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गया। शोर सुनकर अर्जुन मदद के लिए वहां पहुंचा। इस दौरान विक्रम ने भागने की कोशिश की और अर्जुन को रोकने के लिए उसके चेहरे पर डंडे से वार कर दिया।
हमले से अर्जुन मौके पर ही बेहोश हो गया। अगले दिन गांव में बुजुर्गों और कोटवार की मौजूदगी में बैठक हुई। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बजाय दोनों पक्षों में समझौता कर लिया गया। समझौते के तहत विक्रम ने अर्जुन के इलाज की जिम्मेदारी उठाई।
हमले के बाद से अर्जुन का लगातार इलाज चलता रहा, लेकिन धीरे-धीरे उसकी तबीयत बिगड़ती गई। चार महीने बाद उसके चेहरे में अचानक तेज सूजन हो गई और दांत व जबड़े में असहनीय दर्द शुरू हो गया। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने बताया कि चेहरे पर चोट लगने से जबड़े में संक्रमण फैल गया है। इलाज के बावजूद अर्जुन की हालत बिगड़ती चली गई और अंततः उसकी मौत हो गई।
अर्जुन की मौत से गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसके पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चों का सहारा छिन गया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में है।
