कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में एक व्यापारी ने पारिवारिक कारणों से आत्महत्या कर ली। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। मृतक का नाम मंगेश आनंद है, जो मानिकपुर वार्ड क्रमांक-33 में परिवार के साथ रहता था और उसकी एक राशन दुकान है।
जानकारी के अनुसार सोमवार की देर रात मंगेश आनंद ने परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में जाकर दरवाजा और खिड़की अंदर से बंद कर ली। कुछ देर बाद जब परिजन वहां से गुजरे तो कमरा बंद मिला। आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा, तो मंगेश फांसी के फंदे पर लटकता नजर आया।
घटना देख परिजनों ने तत्काल खिड़की तोड़कर कमरे का दरवाजा खोला और मंगेश को नीचे उतारकर नीतीश अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई करते हुए परिजनों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की वजह पारिवारिक कारण बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
