जहरीली शराब कांड का सनसनीखेज खुलासा: अवैध शराब विक्रेता ने रची थी हत्या की साजिश, 2 लोगों की हुई थी मौत

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

जांजगीर-चांपा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम करही में जहरीली शराब से दो युवकों की मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभ में इसे सामान्य जहरीली शराब का मामला समझा जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ। यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी, जिसकी साजिश अवैध शराब बेचने वाले ने अपने ही भाई के साथ मिलकर रची थी।

जानकारी के अनुसार 15 सितंबर 2025 की सुबह ग्राम करही निवासी सूरज यादव और मनोज कश्यप रोजाना की तरह शराब पीने के लिए गांव के अवैध शराब विक्रेता सुरेंद्र उर्फ भोला टंडन के पास पहुंचे। वहां से शराब खरीदने के बाद दोनों ने पास की दुकान से चखना लिया और वहीं बैठकर शराब पीने लगे। लेकिन शराब पीते ही दोनों की हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उन्हें राधा कृष्ण अस्पताल, सारंगढ़ ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सारंगढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और मामला बिर्रा थाना को सौंपा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तेजी से जांच करते हुए आरोपी सुरेंद्र उर्फ भोला टंडन को हिरासत में लिया।

पूछताछ में हुआ खुलासा
शुरुआत में भोला ने खुद को निर्दोष बताया, लेकिन तकनीकी सबूतों और कड़ी पूछताछ के दबाव में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। भोला ने बताया कि मृतक सूरज और मनोज अक्सर उसके घर-दुकान में शराब पीकर विवाद करते थे और पुलिस से पकड़ा देने की धमकी देते थे। लगातार विवाद से परेशान होकर उसने अपने चचेरे भाई अनिल टंडन के साथ मिलकर दोनों की हत्या की योजना बनाई।

योजना के मुताबिक 14 सितंबर की शाम को अनिल टंडन ने भोला को अंग्रेजी शराब का पव्वा और सुहागा उपलब्ध कराया। भोला ने शराब में सुहागा मिलाकर रख दिया। अगले दिन 15 सितंबर की सुबह जब सूरज और मनोज शराब लेने आए तो भोला ने उन्हें वही जहरीली शराब बेच दी। शराब पीते ही दोनों की हालत बिगड़ गई और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेंद्र उर्फ भोला टंडन को गिरफ्तार कर लिया है और उसके सहयोगी अनिल टंडन की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दोनों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article