बंद पड़ी खदान में अवैध कोयला उत्खनन के दौरान हादसा, सुरंग धसने से हुई युवक की मौत

2 Min Read

बंद पड़ी खदान में अवैध कोयला उत्खनन के दौरान हादसा, सुरंग धसने से हुई युवक की मौत

सूरजपुरः  जिले के भटगांव थाना क्षेत्र स्थित बंद पड़े दुग्गा ओपन कास्ट माइंस (OCM) में अवैध कोयला उत्खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सोमवार को कोयला निकालते वक्त सुरंग धंसने से एक युवक उसमें दब गया। करीब 24 घंटे बाद मंगलवार को उसका शव रेस्क्यू टीम ने बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार सरगवां अंबिकापुर निवासी शिव बरवा (30वर्ष) सोमवार दोपहर दो अन्य साथियों के साथ बंद खदान में कोयला निकालने गया था। इसी दौरान वह सुरंग में घुसा, तभी ऊपर का हिस्सा धंस गया और वह मलबे में दब गया। उसके साथी किसी तरह जान बचाकर गांव पहुंचे और घटना की सूचना दी।

मौके पर भटगांव पुलिस और ग्रामीण पहुंचे, लेकिन भारी बारिश के चलते शाम को रेस्क्यू रोकना पड़ा। मंगलवार सुबह SECL की रेस्क्यू टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद शिव का शव बरामद किया। बीहड़ इलाके में हादसा होने और मशीनें नहीं लग पाने के कारण अभियान में काफी दिक्कतें आईं।

मृतक शिव बरवा मूलतः सरगवां अंबिकापुर का निवासी था और वर्तमान में भटगांव वार्ड क्रमांक 2 में अपने ससुर टूका बैगा के घर रह रहा था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

गौरतलब है कि SECL की यह खदान वर्ष 2012 से फॉरेस्ट क्लियरेंस न मिलने के कारण बंद है, लेकिन इसके बावजूद यहां लगातार अवैध उत्खनन हो रहा है। इससे पहले भी कई लोगों की मौत ऐसी घटनाओं में हो चुकी है, बावजूद इसके प्रशासनिक कार्रवाई नाकाफी साबित हो रही है।

Share This Article