जिले में डकैती की कोशिश नाकामः पिस्टल, कारतूस और हथियारों के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा: जांजगीर पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात को टाल दिया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, पांच कारतूस, एक चाकू, दो सब्बल, दो नकाब, एक मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
मामले में राहुल अग्रवाल नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ नकाबपोश युवक उनकी दुकान का शटर तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में सभी आरोपियों ने डकैती की योजना बनाने की बात स्वीकार की है। पकड़े गए आरोपी 1. मनीष कुमार बनवा, 2. चैतन्य दिनकर उर्फ चमन, 3. हितेश दिनकर, 4. व्युत्पत्ति दिवसकर, 5. युवा सूर्यवंशी के खिलाफ अपराध क्रमांक 907/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 331(4), 305(ए), 310(4), 3(5), 312, 296, 351 बीएनएस और 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा के निर्देशन में जांजगीर पुलिस ने समय पर कार्रवाई कर बड़ी वारदात को अंजाम देने से रोका। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
