पीट-पीटकर युवक की बेरहमी से हत्या, शराब पार्टी के दौरान हुआ था विवाद, 6 आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा: जिले के चांपा थाना क्षेत्र के घोघरा नाला इलाके में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शुक्रवार देर रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रार्थी प्रमोद कुर्रे ने बताया कि 15 नवंबर की रात करीब 8 बजे सागर कर्ष अपने साथियों के साथ घोघरा नाला में शराब पी रहा था। इसी दौरान रवि चतुर्वेदी की दुकान के पास रोहित महंत से गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर सागर ने रोहित को 3–4 थप्पड़ मार दिए। इसके बाद रोहित वहां से चला गया। कुछ देर बाद सागर अपने समूह नागेश्वर नायडू, अश्वनी सतनामी, विजय श्रीवास, विनय कुर्रे और आकाश उर्फ अज्जू साहू के साथ मुक्तिधाम के पास बैठा था।
रात करीब 9:30 बजे रोहित महंत दोबारा वहां पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। इससे गुस्से में आकर सभी आरोपियों ने मिलकर हत्या की योजना बना ली। नागेश्वर, अश्वनी, विजय, विनय और आकाश ने रोहित को पकड़ लिया और सागर ने डंडे से उसके सिर पर जोरदार वार किया। बेहोश होने के बाद सभी आरोपियों ने मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी और फिर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी विजय कुमार पाण्डेय, एएसपी उमेश कश्यप और एसडीओपी यदुमणी सिदार के निर्देश पर टीम गठित की गई। पुलिस ने छापेमारी कर अलग-अलग स्थानों से सभी 6 आरोपियों को दबोच लिया।
शुरुआत में आरोपियों ने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने सागर कर्ष से हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।