कोरबा: ओवरब्रिज से कूदकर युवक ने की आत्महत्या की कोशिश, गंभीर रूप से घायल

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में बुधवार को पवन टॉकीज रेलवे फाटक के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, एक युवक ने 25 फीट ऊंचे रेलवे ओवरब्रिज से नीचे ट्रैक पर छलांग लगा दी। गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। 112 की मदद से घायल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत का है। घायल युवक की पहचान कोरबा निवासी सुजीत बक्शी के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति की जानकारी ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक कुछ देर तक ओवरब्रिज के ऊपर खड़ा था। उसी समय फाटक बंद था और ट्रैक पर एक मालगाड़ी आ रही थी। ट्रेन आने से पहले ही उसने अचानक नीचे छलांग लगा दी।

तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और फाटक पर मौजूद लोग मौके पर दौड़ पड़े। कोतवली थाना प्रभारी एमबी पटेल के अनुसार पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है कि युवक ने ऐसा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Share This Article