NTPC गेट से टकराई तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत एनटीपीसी गेट के पास बुधवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक अनियंत्रित होकर सीधे एनटीपीसी के मुख्य गेट से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं स्टील का गेट भी टूट गया।

हादसे में बाइक चला रहे युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे तत्काल एक निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल युवक की पहचान दर्री क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक अत्यधिक तेज गति से बाइक चला रहा था, जिससे वह नियंत्रण खो बैठा और सीधे गेट से टकरा गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था। उसके दोस्त वापस लौट गए थे, जबकि वह किसी काम से एनटीपीसी की ओर गया था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार बाइकर्स की आवाजाही आम बात है और पहले भी यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। बावजूद इसके रफ्तार पर लगाम नहीं लग पा रही है। फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को थाने में सुरक्षित रख लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Share This Article