कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहाँ एक नाबालिग लड़की की मौत के मामले में उसके कथित बॉयफ्रेंड को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। परिजनों का आरोप है कि युवक लगातार लड़की पर शक करता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था, जिससे वह गहरे तनाव में थी।
यह घटना कोरबी चौकी क्षेत्र के पाली गांव की है। मृतका 17 वर्ष की थी, जबकि आरोपी युवक दिलराज मरकाम (20 वर्ष) उसी गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपी अक्सर लड़की के चरित्र पर संदेह जताता था और उसे धोखा देने के आरोप लगाकर झगड़ा करता था।

परिजनों ने बताया कि 27 नवंबर को लड़की अपने भाई-बहन के साथ बाजार गई थी। इसके बाद वह घर से लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। दो दिन बाद गांव के पास जंगल क्षेत्र में उसका शव मिला, जिसकी पहचान परिजनों ने की।
परिवार का आरोप है कि लापता होने के दौरान लड़की आरोपी से मिलने गई थी, जहाँ दोनों के बीच विवाद हुआ। लगातार मानसिक दबाव से वह टूट चुकी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने संबंध और प्रताड़ना की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
