कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: सोनपुरी से अस्पताल जाने की बात कहकर निकला एक युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों की लगातार तलाश के बीच रविवार देर शाम उसकी लाश कुसमुंडा खदान के मुहाने पर मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक कुसमुंडा खदान में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत था। पुलिस ने शव को मर्च्युरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम बोईदा निवासी 32 वर्षीय चंद्रशेखर मरार कुसमुंडा खदान में नीलकंठ नामक ठेका कंपनी में कार्यरत था। कुछ दिन पहले वह अपनी पत्नी को प्रसव के लिए शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराने आया था। प्रसव के बाद चंद्रशेखर अपने दोस्तों से मिलने सर्वमंगला पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम सोनपुरी गया था। बताया गया कि शनिवार रात करीब 10 बजे वह अस्पताल लौटने की बात कहकर दोस्तों के पास से निकला, लेकिन न तो अस्पताल पहुंचा और न ही घर लौटा। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गए और सोशल मीडिया के माध्यम से भी युवक की जानकारी साझा की जा रही थी।
रविवार की देर शाम कुसमुंडा खदान के मुहाने पर एक अज्ञात युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विभव तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शिनाख्ती के दौरान शव की पहचान चंद्रशेखर मरार के रूप में की गई। पुलिस ने शव को मर्च्युरी शिफ्ट कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
