कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले इंडस्ट्रियल एरिया खरमोरा में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवरात और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना 26 दिसंबर की सुबह सामने आई, जब मकान मालिक ड्यूटी से लौटे। चोरी की पूरी वारदात पास की फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें पांच संदिग्ध नजर आ रहे हैं। सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के खरमोरा निवासी ओम सोनी अपनी पत्नी के साथ रहते हैं और बसंल फ्लाई ऐश फैक्ट्री में रात की चौकीदारी का काम करते हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर की रात करीब 8 बजे वे घर में ताला लगाकर ड्यूटी पर चले गए थे। 26 दिसंबर की सुबह करीब 5 बजे जब लौटे तो मुख्य गेट का ताला सही था, लेकिन अंदर का दरवाजा तोड़कर चोर घर में घुस चुके थे।
चोरों ने दीवान में रखे सोने के कान के टॉप्स, चांदी की पायल और 60,000 रुपये नकद चोरी कर लिए। पास की फैक्ट्री के सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 1:54 बजे पांच संदिग्ध चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित ओम सोनी का कहना है कि घटना को तीन दिन बीत जाने के बावजूद अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिला है। चौकीदारी कर परिवार चलाने वाले ओम सोनी के लिए यह चोरी आर्थिक रूप से बड़ा झटका साबित हुई है। उन्होंने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। सिविल लाइन थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और तलाश कर रही है।
गौरतलब है कि यह क्षेत्र पहले भी चोरी और मारपीट जैसी घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आसपास के अटल आवास क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की आवाजाही अधिक रहती है, जिससे अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। निवासियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
