कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर कोरबा पुलिस ने ट्रिपल राइडिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में शहर और जिले के विभिन्न इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 96 दोपहिया वाहनों पर चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया। ट्रैफिक पुलिस और थाना-चौकी स्टाफ ने प्रमुख सड़कों, व्यस्त चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर दोपहिया वाहनों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान कटघोरा थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 17, बालको थाना क्षेत्र में 13 और कोतवाली थाना क्षेत्र में भी 13 वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग के कारण चालान किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाना न केवल मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है, बल्कि इससे वाहन का संतुलन बिगड़ता है और गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ट्रिपल राइडिंग के खिलाफ आगे भी लगातार और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें।
