नहर में मटके के अंदर मिला नवजात का शव, इलाके में मचा हड़कंप
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब NTPC नहर के तीन नंबर गेट पर सफाई के दौरान एक मटके के अंदर नवजात बच्चे का शव बरामद हुआ। घटना दर्री थाना क्षेत्र की है, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, नहर के साईफन में फंसे कचरे की सफाई के दौरान एक सफाईकर्मी को सफेद कपड़े से बंधा हुआ मटका दिखाई दिया। पहले उसे लगा कि मटके में पूजा सामग्री या अस्थियां होंगी, लेकिन जैसे ही मटका खोला गया, उसके अंदर मासूम बच्चे का शव देख वह घबरा गया।
घटना की सूचना मिलने पर दर्री थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की। मौके पर मौजूद गंगा राम नामक व्यक्ति ने पुलिस को जानकारी देने के साथ शव बाहर निकालने में सहयोग किया।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नवजात की मौत के बाद शव को मटके में बंद कर नहर में फेंका गया होगा, जो बहते हुए साईफन में फंस गया। लोगों ने इस मामले में निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
दर्री थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस ने प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद नवजात के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
