कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत इमली डुग्गू इलाके में देर शाम एक युवक पर बेरहमी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने युवक को घर से बाहर खींचकर सड़क पर पीटा, वहीं बीच-बचाव करने आए परिजनों के साथ भी मारपीट की गई।
पीड़ित युवक की पहचान संजय यादव के रूप में हुई है जो देर शाम काम से लौटकर घर पहुंचा था। इसी दौरान घर के बाहर कुछ युवक नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहे थे। संजय द्वारा मना करने पर युवक वहां से चले गए, लेकिन कुछ ही देर बाद 6 से अधिक युवक मौके पर पहुंचे और संजय को जबरन घर के गेट से बाहर खींचकर सड़क पर ले गए और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
पीड़ित ने बताया कि हमलावरों के हाथों में चाकू भी थे। मारपीट के दौरान संजय के सिर, हाथ और सीने में गंभीर चोटें आईं। आरोपी उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए। आरोप है कि महेश, साहिल, बिट्टू, छोटू पांडे, विजय पांडे, उमेश सागर समेत अन्य युवकों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी युवक आदतन नशेड़ी हैं और लंबे समय से इलाके में दहशत का माहौल बना रहे हैं। संजय के भाई विजय यादव ने बताया कि आरोपी युवक ‘गोली’ जैसे नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं जिससे शाम होते ही महिलाओं और बच्चों का बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।
घायल संजय को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार जारी है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
