खेत में महिला की लाश मिलने से फैली सनसनी, अब तक नहीं हो सकी पहचान

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के कोरकोमा क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पानी से भरे खेत में अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। मृत महिला की उम्र लगभग 40 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।

यह पूरा मामला रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र के शिवनगर कोरकोमा का है। यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे स्थित खेत में किसान जोगीराम राठिया मंगलवार सुबह खेती की तैयारी के लिए पहुंचा था। खेत में भरे पानी में जब उसकी नजर महिला के शव पर पड़ी, तो उसने तत्काल गांव में इसकी सूचना दी। इसके बाद सरपंच तेजराम राठिया ने पुलिस को घटना से अवगत कराया।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मेडिकल कॉलेज अस्पताल से आए सफाई कर्मियों की मदद से शव को खेत से बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई भी उसे पहचान नहीं सका।
पुलिस के अनुसार मृत महिला दुबली-पतली और सांवले रंग की है। उसने काले रंग का ब्लाउज और पीले रंग की साड़ी पहन रखी थी। फिलहाल शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है।
महिला की पहचान के लिए आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है। इसके साथ ही जिले सहित पड़ोसी जिलों के थाना-चौकियों को भी सूचना भेज दी गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Share This Article