आबादी जमीन के नाम पर अवैध वसूली, महिला का घर फूंका, पार्षद समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जांजगीर-चांपा जिले के राहौद क्षेत्र में आबादी जमीन के नाम पर अवैध वसूली और आगजनी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिवरीनारायण पुलिस ने इस मामले में पार्षद नरसिंग गोड सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता शीतला बाई ने वर्ष 2025 में अरुण कुमार के माध्यम से दया शंकर गोड से 17 अप्रैल को एक जमीन खरीदी थी। जमीन पर झोपड़ीनुमा मकान बनाकर वह वहां निवास कर रही थी।
इसी दौरान राहौद के पार्षद नरसिंग गोड अपने साथी बनक राम गोड और भगत गोड के साथ महिला के पास पहुंचे और उक्त भूमि को आबादी भूमि बताते हुए मकान निर्माण के नाम पर 2 से 2.5 लाख रुपए की अवैध वसूली की मांग करने लगे।
जब शीतला बाई ने रुपए देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उनके मकान पर हमला कर दिया। आरोप है कि तीनों ने सब्बल से दीवार और टीन शेड तोड़ा, फिर घर में रखा राशन, कपड़े, कुर्सी, बर्तन सहित अन्य सामान बाहर निकालकर मकान में आग लगा दी। आगजनी की इस घटना में मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिससे लगभग 2 लाख रुपए का नुकसान हुआ।
घटना के दौरान आरोपियों ने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे डरकर पीड़िता मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।
घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शिवरीनारायण पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पार्षद नरसिंग गोड, बनक राम गोड और भगत गोड को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
