कोरबा: कोरबा जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत आबकारी अधिनियम के अंतर्गत एक ही दिन में 44 प्रकरण दर्ज किए गए।
पुलिस द्वारा 4 जनवरी 2026 को की गई इस कार्रवाई में कुल 43 आरोपियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करते हुए 653.3 लीटर देशी महुआ शराब जब्त की गई। यह कार्रवाई जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ संचालित की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब से जुड़े किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस या नजदीकी थाना को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
