कोरबा में ईंट भट्ठा मजदूर की संदिग्ध मौत, जहर सेवन की आशंका

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा में ईंट भट्ठा मजदूर की संदिग्ध मौत, जहर सेवन की आशंका

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत सरबुंदिया गांव में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 48 वर्षीय मुखी राम केवट के रूप में हुई है, जो गांव के ही एक ईंट भट्ठे में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।

जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम मुखी राम रोज की तरह काम से लौटकर अपने कमरे में आराम करने चला गया। देर रात तक जब वह बाहर नहीं आया, तो परिजनों को लगा कि वह शराब के नशे में सो रहा होगा। इसी दौरान घर के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे।

रात में जब पत्नी खाना बनाने के बाद उसे उठाने कमरे में पहुंची, तो खाट के नीचे एक शीशी पड़ी हुई मिली। काफी प्रयास के बाद भी जब मुखी राम ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। तत्काल उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कमरे की तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक की थैली में ‘सुहागा नमक’ नामक पदार्थ बरामद हुआ है, जिससे जहर सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

इस मामले में जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मेडिकल कॉलेज से प्राप्त मेमो के आधार पर परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और आगे की जांच की जा रही है। फिलहाल घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article