कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में कड़ाके की ठंड ने पहली जान ले ली है। दीपका थाना क्षेत्र के चाकाबुड़ा के पास कसईपाली के सलिहापारा स्थित यात्री प्रतीक्षालय में बुधवार सुबह 55 वर्षीय युवक का शव अकड़ी हालत में मिला। मृतक की पहचान सरईसिंगार निवासी हरप्रसाद भैना के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह ग्रामीणों ने प्रतीक्षालय में शव देखा और इसकी सूचना सरपंच उमा बाई मरकाम को दी। इसके बाद डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू की और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। विवेचना अधिकारी एएसआई खगेश राठौर ने बताया कि मृतक की जेब से मिले पर्स में नाम और पता लिखा हुआ था, जिससे उसकी पहचान हो सकी। सरईसिंगार से पहुंचे परिजनों ने भी शव की पुष्टि की।
30 किलोमीटर पैदल लौट रहे थे घर
परिजनों ने बताया कि हरप्रसाद मंगलवार को कटघोरा के रलिया गांव में एक छठी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात में भोजन के बाद वे पैदल ही अपने गांव सरईसिंगार लौटने निकले थे। लगभग 14 किलोमीटर चलने के बाद थकान और देर रात होने के कारण वे सलिहापारा के प्रतीक्षालय में रुक गए, जहां अत्यधिक ठंड के कारण उनकी मौत होने की आशंका है।
न्यूनतम तापमान 6–7 डिग्री
जिले में इन दिनों न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमडी मेडिसिन डॉ. वेद ने लोगों से अत्यधिक ठंड में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। गौरतलब है कि तीन दिन पहले कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर बस्ती में ठंड से बचने के प्रयास में आग जलाते समय एक युवक और एक महिला झुलस गए थे।
