पति का गर्लफ्रेंड संग अफेयर, पति के थप्पड़ के बाद पत्नी ने फांसी लगाई, आए दिन होता था विवाद, देखें वीडियो… 

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा जिले के बाकी मोगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंदरीदफाई गांव में मोबाइल को लेकर हुए विवाद के बाद एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मायके पक्ष का आरोप है कि दयाल रत्नाकर का शादी से पहले किसी अन्य महिला से प्रेम संबंध था, जो शादी के बाद भी जारी रहा। दयाल की गर्लफ्रेंड उस पर रानी से तलाक लेने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

पुलिस के अनुसार, घर में केवल एक ही मोबाइल फोन था। उसी मोबाइल के जरिए रानी को पति के अफेयर की जानकारी हुई थी, जिससे विवाद और बढ़ गया।

मोबाइल को लेकर हुआ विवाद, पति ने मारे थप्पड़
बुधवार को मोबाइल को लेकर पति-पत्नी के बीच फिर झगड़ा हुआ। रानी ने मोबाइल अपने पास रखा था। जब दयाल ने मोबाइल मांगा और रानी ने मना किया तो दयाल ने उसे दो थप्पड़ मार दिए। इसके बाद रानी ने गुस्से में कमरे में जाकर खुद को बंद कर लिया, जबकि दयाल घर से बाहर चला गया।

जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के जांजगीर निवासी 26 वर्षीय रानी रत्नाकर के रूप में हुई है। रानी की शादी चार साल पहले सिवनी निवासी दयाल रत्नाकर (27 वर्ष) से हुई थी। दंपती सेंदरीदफाई इलाके में रह रहे थे। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक ढाई साल की बेटी और चार महीने का बेटा शामिल है। दयाल गैरेज में काम करता है।

कुछ देर बाद जब दयाल वापस लौटा, तो उसने रानी को कमरे के अंदर लोहे की एंगल से फांसी पर लटका पाया। परिजन उसे तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

मृतका के भाई शिव कुमार ने आरोप लगाया कि दयाल के अवैध संबंधों के कारण उसकी बहन के साथ मारपीट होती थी। उन्होंने बताया कि घटना से एक दिन पहले रानी ने वीडियो कॉल पर अपने परिजनों से बात की थी और परेशान नजर आ रही थी। मायके पक्ष ने दयाल रत्नाकर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस कर रही जांच

मामले में कार्यपालिक दंडाधिकारी ने मृतका के परिजनों और पति के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article