तीन ग्रामीणों के घर वन विभाग का छापा, साल व बीजा का अवैध चिरान जब्त, दो लाख से अधिक की लकड़ी बरामद

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा वनमंडल अंतर्गत बालको वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम गड़कटरा में तीन ग्रामीणों के घरों पर दबिश देकर वन विभाग की संयुक्त टीम ने साल एवं बीजा प्रजाति की लकड़ी का अवैध चिरान जब्त किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 2 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार आरोपियों द्वारा जंगल से पेड़ों की अवैध कटाई कर साल और बीजा लकड़ी का चिरान बनाकर घरों में छिपाकर रखा गया था, ताकि समय मिलने पर उसे बाजार में खपाया जा सके। इसकी गुप्त सूचना मिलते ही वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश पर एसडीओ आशीष खेलवार के नेतृत्व में विशेष कार्रवाई की गई।

सर्च वारंट के आधार पर की गई कार्रवाई में हरीयर सिंह पिता समारसाय के घर से बीजा/साल प्रजाति के 46 नग चिरान, रामसाय पिता चमरासाय के घर से 58 नग चिरान एवं 4 नग बीजा प्रजाति के लट्ठे, आनंद सिंह पिता हरीहर सिंह के घर से 53 नग चिरान जब्त किए गए। इस दौरान कुल 161 नग चिरान एवं लट्ठे बरामद किए गए, जिनकी कुल मात्रा लगभग 3.37 घन मीटर आंकी गई है।

कार्रवाई में बालको, पसरखेत, लेमरू एवं कोरबा वन परिक्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटाई एवं लकड़ी के कारोबार पर आगे भी सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article