घर के बाहर खड़े वाहन भी सुरक्षित नहीं, कोरबा में वाहन पार्ट्स चोर सक्रिय, सीसीटीवी में कैद हुई वारदातें, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के दर्री और सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत वाहन पार्ट्स चोरी की घटनाओं में इजाफा देखने को मिल रहा है। घरों के बाहर और आंगन में खड़े दोपहिया व चारपहिया वाहनों को निशाना बनाते हुए चोर महंगे पार्ट्स चोरी कर रहे हैं। इन घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।

पहली घटना दर्री थाना क्षेत्र के एचटीपीएस आवासीय परिसर स्थित अलखनंदा विहार की है। मकान क्रमांक एफ-9 में रहने वाले अजय राय के घर के आंगन में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल से देर रात करीब 1 बजे चोरों ने नंबर प्लेट, हेडलाइट, हॉर्न सहित अन्य कीमती पार्ट्स चोरी कर लिए। पास की ऑटो पार्ट्स दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्ध युवक चोरी करते हुए कैद हुए हैं। पीड़ित की लिखित शिकायत पर दर्री पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एमपी नगर से सामने आई है। यहां निहारिका क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी एक कार की हेडलाइट चोरी करने का प्रयास किया गया। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक कार की हेडलाइट निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं। गाड़ी का सायरन बजते ही आरोपी मौके से फरार हो गए, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।

पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्रवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।

Share This Article