कोयला खदान में मिली युवक की सड़-गली लाश, केबल चोरी के दौरान करंट से मौत की आशंका
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले की कुसमुंडा कोयला खदान में एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 36 वर्षीय टेकराम उर्फ लखेश्वर सतनामी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने केबल चोरी के दौरान बिजली की चपेट में आने से मौत होने की आशंका जताई है।
मृतक के पिता दुजाराम कुर्रे ने बताया कि पिछले शनिवार को बाबूलाल नामक व्यक्ति उनके बेटे लखेश्वर को पिकनिक के बहाने घर से ले गया था। इसके बाद से वह लापता था। पुलिस से सूचना मिलने पर जब वे अस्पताल पहुंचे, तब उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली।
परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। दुजाराम कुर्रे का कहना है कि लखेश्वर के साथ गए लोगों ने उसे केबल चोरी के लिए उकसाया और जानबूझकर केबल की ओर धकेल दिया। उन्होंने इसे साजिश बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक के छोटे भाई रामेश्वर कुर्रे ने भी पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, टेकराम उर्फ लखेश्वर की मोटरसाइकिल गायब है, जबकि उसकी टीवी बाबूलाल के पास होने की जानकारी मिली है। दुजाराम कुर्रे मानिकपुर के डिपरापारा में रहते हैं, जबकि लखेश्वर अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ राताखार डैम के पास किराए के मकान में निवास करता था।
इस मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि कुसमुंडा खदान में केबल चोरी के दौरान करंट की चपेट में आने से टेकराम की मौत हुई है। पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लगभग 10 लोग खदान में चोरी करने गए थे। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।
