कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा रेलवे स्टेशन की सेकेंड एंट्री को रेलवे प्रशासन ने अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के क्षतिग्रस्त होने के चलते यह निर्णय लिया गया है। प्रवेश द्वार पर मरम्मत कार्य जारी होने की सूचना वाला बोर्ड लगाया गया है, लेकिन अचानक हुए इस बंद से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, स्टेशन की सेकेंड एंट्री के पास स्थित एसईसीएल (SECL) कोयला साइडिंग में चलने वाले किसी भारी वाहन ने फुट ओवरब्रिज को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से सेकेंड एंट्री को बंद कर दिया।
वाहन स्टैंड के कर्मचारी रवि प्रकाश सारथी ने बताया कि आगे किसी भी दुर्घटना को रोकने के लिए फुट ओवरब्रिज के नीचे लोहे के एंगल भी लगाए गए हैं। इस क्षेत्र में खदानों से कोयला लाकर डंप किया जाता है और फिर मालगाड़ियों में लोड किया जाता है, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है।
सेकेंड एंट्री बंद होने का सबसे ज्यादा असर यात्रियों पर पड़ रहा है। बुधवारी निवासी यात्री सुमित महंत ने बताया कि उन्हें जरूरी काम से बिलासपुर जाना था, लेकिन सेकेंड एंट्री बंद होने के कारण वे समय पर स्टेशन नहीं पहुंच सके और उनकी ट्रेन छूट गई। वहीं, एसईसीएल कॉलोनी निवासी अतुल यादव ने बताया कि रायपुर से आए उनके परिजनों को लेने के लिए उन्हें कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कई यात्री जोखिम उठाकर क्षतिग्रस्त फुट ओवरब्रिज से ही स्टेशन पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक सेकेंड एंट्री बंद रहेगी। वाहन स्टैंड पर खड़ी गाड़ियों को पर्ची दिखाने के बाद ही बाहर जाने की अनुमति दी जाएगी। कोरबा के सहायक रेलवे प्रबंधक (एआरएम) उत्कर्ष गौरव ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है और जल्द ही मरम्मत कार्य पूरा कर प्रवेश बहाल किया जाएगा।
