SSC परीक्षा में नकल करते पकड़ाया छात्र, सिम ब्लूटूथ डिवाइस बरामद

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

SSC परीक्षा में नकल करते पकड़ाया छात्र, सिम ब्लूटूथ डिवाइस बरामद

बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  SSC द्वारा आयोजित हेड कांस्टेबल लिपिक दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल करते हुए राजस्थान का छात्र पकड़ा गया। आरोपी मोहित मीना (25 वर्ष), निवासी दौसा, राजस्थान, ने परीक्षा केंद्र में कान में सिम कार्ड ऑपरेटेड ब्लूटूथ डिवाइस और कपड़ों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण छिपाकर उत्तर हल करने की कोशिश की।

यह घटना शुक्रवार 9 जनवरी को सीपत के फरहदा स्थित जीटीबी कॉलेज में हुई। परीक्षा केंद्र प्रभारी विजय कुमार लहरे की नजर मोहित पर पड़ी, जब वह अपनी गतिविधियों को संदिग्ध तरीके से अंजाम दे रहा था। प्रभारी के नजदीक आने पर मोहित हड़बड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कान और कपड़ों से नकल के आधुनिक उपकरण बरामद किए गए।

केंद्र प्रभारी की रिपोर्ट के आधार पर सीपत पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और परीक्षा अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

मोहित ने यह सभी उपकरण राजस्थान से लाए थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतने कड़े सुरक्षा इंतजामों के बावजूद वह कैसे परीक्षा केंद्र में डिवाइस ले जाने में कामयाब हुआ। फिलहाल, पुलिस उसके मोबाइल फोन और सभी उपकरणों की बारीकी से जांच कर रही है और किसी बड़े नकल गिरोह के शामिल होने की संभावना पर भी ध्यान दे रही है।

Share This Article