कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक और आयोजन व्यवस्था की बड़ी कमी सामने आई। पूजा एवं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे मीडिया कर्मियों के लिए बैठने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई, जिससे पत्रकारों को धूप में जमीन पर ही बैठना पड़ा।
कार्यक्रम में जिले ही नहीं, बल्कि दूर-दराज क्षेत्रों से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकार पहुंचे थे। मीडिया कर्मियों का कहना है कि वे किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं करते, लेकिन हर शासकीय कार्यक्रम में पत्रकारों के लिए न्यूनतम बैठने की व्यवस्था और सम्मान अपेक्षित होता है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका अहम है, ऐसे में इस तरह की उपेक्षा निराशाजनक है।
कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए तो पूरी व्यवस्था नजर आई, लेकिन मीडिया के लिए स्थान निर्धारित नहीं होना आयोजन की तैयारियों पर सवाल खड़े करता है। इस अव्यवस्था को लेकर स्थानीय पत्रकारों में नाराजगी भी देखने को मिली।
पत्रकारों का कहना है कि यदि प्रशासन और आयोजन समिति समय रहते मीडिया व्यवस्था पर ध्यान देती, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। अब उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों में मीडिया के लिए बेहतर और सम्मानजनक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
