राखड़ से भरे ट्रेलर ने मचाई तबाही, 21 बिजली के खंभे टूटे, तीन गांवों की बिजली गुल, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

 

कोरबा: कोरबा जिले के दादर–ढेलवाडीह मेन रोड पर शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। राखड़ से भरे एक ट्रेलर ने लापरवाहीपूर्वक चलते हुए सड़क किनारे लगे करीब 21 बिजली के खंभों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद दादर, ढेलवाडीह और रापाखर्रा गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे ग्रामीणों को रातभर अंधेरे में रहना पड़ा।

ढेलवाडीह निवासी राधेराव कश्यप के अनुसार, रात करीब 2 बजे शॉर्ट सर्किट जैसी तेज आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो सड़क पर बिजली के तार बिखरे थे, कई खंभे टूट चुके थे और कुछ पेड़ भी गिरकर रास्ता जाम कर रहे थे।

ग्रामीणों ने बताया कि ट्रेलर का बूम ऊपर उठा हुआ था, जो चलते-चलते बिजली के खंभों से टकराता गया। तार ट्रेलर में फंसने के बाद वाहन आगे बढ़ता रहा, जिससे एक के बाद एक कई खंभे गिरते चले गए। हादसे के बाद चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे गांव से आगे पकड़कर मानिकपुर चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीण आनंद तिर्की और सियाराम ने बताया कि इस घटना से तीनों गांवों में बिजली गुल हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ढेलवाडीह, दादर और नकटीखार मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। राखड़ से लदे वाहन दिन-रात तेज रफ्तार से दौड़ते हैं और नियमों का खुलेआम उल्लंघन करते हैं। कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वहीं मानिकपुर चौकी पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Share This Article