कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। अजगरबहार–कोसगई गांव मार्ग पर ग्राम धनगांव के कोसम नाला के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो (क्रमांक CG10 BX 5783) अजगरबहार की ओर से आ रही थी। सामने से आ रही बाइक को टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क पर दूर जा गिरी और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वाहन नंबर के आधार पर फरार चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
