सक्ती/सीजी एनएन 24 न्यूज: सक्ती जिले में अवैध धान परिवहन के विरुद्ध प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए ट्रक सहित कुल 763 बोरी धान जब्त किया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) डभरा के नेतृत्व में 13 जनवरी 2026 की रात तहसील डभरा अंतर्गत ग्राम केनाभाठा में एक ट्रक को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान ट्रक में लगभग 600 बोरी धान अवैध रूप से परिवहन करते हुए पाया गया, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया।
इसी क्रम में तहसील बाराद्वार क्षेत्र में तहसीलदार एवं पटवारी द्वारा 120 बोरी धान के अवैध परिवहन का मामला पकड़ा गया, जिस पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं ग्राम मुरलीडीह में लगभग 43 बोरी धान का अवैध परिवहन पाए जाने पर वाहन को जब्त कर थाना जैजैपुर के सुपुर्द किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान परिवहन पर आगे भी कड़ी निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।
