कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के सिंगापुर क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर की रसोई में गैस सिलेंडर के पीछे फन फैलाए कोबरा नाग निकल आया। सुबह नाश्ता बनाने पहुंची महिला की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
मकान मालिक अर्चना कंवर जैसे ही गैस जलाने लगीं, उन्हें अजीब सी फुंकार सुनाई दी। पहले तो उन्होंने इसे गैस की आवाज समझा, लेकिन आवाज बार-बार आने पर जब पास जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। रसोई में करीब 5 फीट लंबा नाग फन फैलाए बैठा था। डर के मारे वह तुरंत चिल्लाते हुए बाहर निकलीं और पड़ोसियों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में दहशत फैल गई। किसी की भी हिम्मत नहीं हुई कि जहरीले सांप को भगाने की कोशिश करे। इसके बाद वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर के स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी को बुलाया गया।
सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। विशेष उपकरणों की मदद से कोबरा को सुरक्षित पकड़कर थैले में रखा गया। रेस्क्यू के बाद नाग को उसके प्राकृतिक जंगल क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया। रेस्क्यू के बाद घर के सदस्यों और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि यह अत्यंत जहरीला कोबरा नाग था। उन्होंने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें। उन्होंने कहा कि झाड़-फूंक के कारण कई बार लोगों की जान चली जाती है। उनकी संस्था इस विषय में लगातार जन जागरूकता अभियान चला रही है।
